अपने पसंदीदा पॉडकास्ट फ़ॉलो करें, ऑफ़लाइन और कार में CarPlay व Android Auto के साथ सुनें, और हमेशा वहीं से जारी रखें जहाँ छोड़ा था। मुफ़्त में आज़माएँ।
जहाँ बैठावे तित बैठूँ, ये सूत्र बड़ा क्रांतिकारक है। ये सूत्र पर्याप्त है। सारे शास्त्रों का सार सरल सा वचन है, जहाँ बैठावे तित ही बैठूँ। मगर इसमें सब आ गया। इतना तुम कर लो फिर कुछ और करने की जरूरत नहीं रहती।मीरा ने प्रमाण दिया है अपने जीवन से। सब गवाया गोपाल के लिए। प्रतिष्ठा, लोकलाज, सम्मान, घर-द्वार, परिवार, सब छोड़ दिया। सब तरह के अपमान सहे मीरा ने। सारा कुछ गवाया, बिक गई पूरी तरह। इसमें रत्ती भर भी धोखा नहीं है। कुछ रखा ही नहीं, इसलिए पहुँची है।मीरा के प्रभु गिरधर नागर, बार-बार बलि जाऊँ। एक बार तो क्या होगा, बार-बार निछावर करना चाहती हूँ। क्योंकि हर बार निछावर करती हूँ और मोक्ष के द्वार खुलते हैं। हर बार अपने को मिटाती हूँ और अमृत की घनी वर्षा हो जाती है।राजी हूँ रजा पर तेरी, मजबूर थे हम मुख्तार बने। ये बड़ा उल्टा वचन है, विरोधाभासी वचन है, लेकिन धर्म का सार सूत्र हमेशा विरोधाभासी वचनों में होता है। तेरी बात मानने को राजी क्या हो गए, उसके पहले तो हम बहुत मजबूर थे, असहाय थे। जब से तेरी बात मानने को राजी हुए, ये असहाय अवस्था चली गई। जब से तेरे गुलाम हुए, तब से अपने मालिक हो गए। जब तक अपनी मालकीयत का वहम था, तब तक गुलाम थे।मैं तो तेरी गुलाम, तेरी छाया, तेरी दासी। अगर यह भाव आ जाए, तो पाप की काली बदलियाँ भी करुणा को बरसने लगती हैं, रहमत की घटा बन जाती हैं।अहंकार मत निर्मित करना। अहंकार कैसे निर्मित होता है? मैं अपनी चला कर रहूँगा, अपनी करके रहूँगा, कुछ करके दिखाना है, कुछ होकर दिखाना है, I am something special। तब तक तुम अहंकारी हो। भक्त के जगत में अहंकार की कोई जगह नहीं है, संकल्प को कोई जगह नहीं है। भक्त के जगत में सिर्फ समर्पण चाहिए, मात्र समर्पण।मीरा मगन भई हरि के गुण गाए। और हरि के गुण तुम तभी गा सकते हो जब ये भाव दशा तुम्हारे भीतर निर्मित हो गई, जब ये समर्पण आ गया हो। नहीं तो तुकबंदी होगी। मीरा ने नहीं गाया, मीरा तो बाँस की पोंगर हो गई, बाँसुरी हो गई। गाया तो कृष्ण ने। जहाँ बैठावे तितही बैठूँ, बैठे तो बिक जाओ। अब कृष्ण के हाथ में है, गाए तो गाए, ना गाए तो ना गाए। और तब एक मगनता आती है, एक तल्लीनता आती है, तब एक समाधि उतरती है तुम्हारे भीतर।Poora video shant man se, aankhen band karke suniye. Beech me skip mat kijiye.